
आसनसोल : माध्यमिक परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु आसनसोल बस एसोसिएशन एवं मिनीबस एसोसिएशन ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। दोनों संगठनों ने संयुक्त रूप से घोषणा की है कि आसनसोल अनुमंडल के अंतर्गत किसी भी परीक्षा केंद्र तक जाने के लिए परीक्षार्थियों को बस अथवा मिनीबस में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।
यह विशेष व्यवस्था 10 फरवरी से 22 फरवरी तक आयोजित माध्यमिक परीक्षा के दौरान लागू रहेगी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इस निर्णय से आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय, डिप्टी मेयर अभिजीत घटक, एसडीओ (प्रमुख) विश्वजीत भट्टाचार्य, आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर, डीसीपी (यातायात), जिला आरटीओ मृण्मय मजूमदार एवं अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को अवगत करा दिया है।

संघर्षरत छात्रों के लिए राहतभरी पहल
आसनसोल बस एसोसिएशन के सचिव बिजन मुखर्जी एवं मिनीबस एसोसिएशन के सचिव सुदीप रॉय ने संयुक्त रूप से इस निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि माध्यमिक परीक्षा छात्रों के जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण होता है। इस दौरान उन्हें आवागमन की चिंता से मुक्त रखने हेतु यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस सुविधा का लाभ केवल उन परीक्षार्थियों को मिलेगा जो अपने प्रवेश-पत्र को यात्रा के दौरान प्रस्तुत करेंगे। परीक्षा केंद्रों तक निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन सभी मार्गों पर निःशुल्क सेवा दी जाएगी, जहां बस एवं मिनीबस परिचालन उपलब्ध है।

प्रशासन एवं समाज में सराहना
इस निर्णय की नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की एवं इसे सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है।
यह पहल न केवल छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सहायता प्रदान करेगी, बल्कि समाज में सहयोग और सद्भाव की भावना को भी प्रोत्साहित करेगी।















Users Today : 39
Users Yesterday : 14