
आसनसोल : पवित्र महाकुंभ स्नान हेतु शनिवार को घाघर बुड़ी मंदिर परिसर से श्रद्धालुओं का विशाल जत्था प्रयागराज के लिए रवाना हुआ। समाजसेवी कृष्णा प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य यात्रा में 26 से अधिक बसों एवं 15 से अधिक चारपहिया वाहनों द्वारा सैकड़ों श्रद्धालुओं ने तीर्थगमन किया।
तीर्थयात्रा से पूर्व घागर बुड़ी मंदिर प्रांगण में तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान एवं यज्ञों का आयोजन किया गया। विधिवत मंत्रोच्चार एवं वैदिक परंपराओं के साथ श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजन-अर्चन किया, तत्पश्चात तीर्थयात्रा का शुभारंभ हुआ। कृष्णा प्रसाद ने स्वयं हरी झंडी दिखाकर वाहनों को प्रयागराज के लिए प्रस्थान कराया।

सुव्यवस्थित यात्रा प्रबंधन एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कृष्णा प्रसाद ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यात्रा के दौरान प्रशिक्षित बाउंसरों की तैनाती, चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता एवं प्रत्येक यात्री का पंजीकरण कर परिचय पत्र, टोपी व उत्तरीय वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त, सभी यात्रियों के मोबाइल नंबर दर्ज कर लिए गए, जिससे यात्रा के दौरान किसी के भटकने की संभावना न रहे।

बाबा बागेश्वर धाम में कैंसर अस्पताल शिलान्यास को ऐतिहासिक क्षण बताया
इस अवसर पर कृष्णा प्रसाद ने कहा कि महाकुंभ स्नान हेतु यह सामूहिक यात्रा मां घागर बुड़ी, देवाधिदेव महादेव एवं मां गंगा के आशीर्वाद से संपन्न हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड में बाबा बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के निशुल्क कैंसर अस्पताल के शिलान्यास को ऐतिहासिक क्षण बताया।
महाकुंभ के प्रति श्रद्धालुओं में गहन आस्था एवं उत्साह देखने को मिला। तीर्थयात्रा का यह आयोजन जिलेभर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।















Users Today : 46
Users Yesterday : 14