
आसनसोल : भारतीय जनता पार्टी के ट्रेड सेल के प्रदेश कन्वेनर सुब्रत घाटी उर्फ मिठू घांटी ने आज एक प्रेस वार्ता में महाकुंभ के आयोजन को लेकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस महाकुंभ को लेकर पूरे देश में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि महाकुंभ हर 12 वर्षों में आयोजित होता है और इस आयोजन में सम्मिलित होने के लिए सभी सनातनी भक्तों के मन में अत्यधिक श्रद्धा और उमंग है।
मिठू घांटी ने महाकुंभ के आयोजन को लेकर हो रही तैयारियों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाकुंभ के आयोजन की तैयारी जिस स्तर पर की जा रही है, वह अत्यंत प्रशंसा योग्य है।

घांटी ने इस दौरान आसनसोल और आसपास के क्षेत्रों के हिंदू धर्मावलंबियों के लिए सरकार से एक महत्वपूर्ण अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में सनातन धर्म के अनुयायी प्रयागराज के महाकुंभ में सम्मिलित होना चाहते हैं, अत: इस हेतु विशेष ट्रेन की व्यवस्था की जानी चाहिए। उनका कहना था कि जब अयोध्या में श्रीराम मंदिर का उद्घाटन हुआ था, तब सरकार ने विशेष ट्रेन की व्यवस्था की थी, इसलिए महाकुंभ के लिए भी इसी प्रकार की सुविधा प्रदान की जाए।

मिठू घांटी ने बताया कि इस विषय पर उनकी आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल से बात हुई है और उन्होंने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने भाजपा के अन्य नेताओं और विधायकों से भी इस संबंध में चर्चा की है, और सभी ने उनके प्रस्ताव का समर्थन किया है। उन्होंने आशा जताई कि केंद्र सरकार इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करेगी और क्षेत्रीय सनातन धर्मावलंबियों की सुविधा के लिए महाकुंभ के लिए विशेष ट्रेन की व्यवस्था करेगी।















Users Today : 15
Users Yesterday : 31