
रानीगंज : सारा भारत गणतांत्रिक महिला समिति की रानीगंज शाखा ने मंगलवार को सियारसोल ग्राम से सियारसोल मोड़ तक महिलाओं के विरुद्ध हो रहे अपराधों के प्रतिरोध में एक विशाल रैली का आयोजन किया। इस रैली में संगठन की ओर से भारी संख्या में महिलाओं की सहभागिता देखी गई। रैली की समाप्ति सियारसोल मोड़ पर एक पथ सभा में परिवर्तित हो गई, जहां महिलाओं के अधिकारों और न्याय की मांगों को प्रखर स्वर से उठाया गया।

इस अवसर पर महिला समिति की जिला अध्यक्ष कृष्णा दास गुप्ता ने राज्य भर में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों की निंदा की। उन्होंने विशेष रूप से कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज, जयनगर, कृष्णानगर और पुरुलिया जैसे क्षेत्रों में विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं के साथ हो रहे शारीरिक उत्पीड़न, बलात्कार और हत्या की घटनाओं को उजागर किया। उन्होंने महिलाओं के प्रति हो रहे इन अपराधों के प्रति समाज और शासन की चुप्पी पर सवाल उठाया और हर एक पीड़िता को न्याय दिलाने की पुरजोर माँग की।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम में भी संगठन ने महिलाओं के हक में आंदोलन जारी रखा था और आज भी लगातार पीड़िताओं को न्याय दिलाने के उद्देश्य से यह आंदोलन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कृष्णा दास गुप्ता ने यह स्पष्ट किया कि उनके संगठन की एकमात्र मांग यह है कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और जिन अपराधियों ने महिलाओं पर अत्याचार किए हैं, उन्हें शीघ्र ही कठोरतम दंड दिया जाए।
समाज में व्याप्त इन अपराधों के विरुद्ध महिलाओं की एकजुटता और उनके न्याय की पुकार ने यह सिद्ध किया है कि जब तक हर पीड़िता को न्याय नहीं मिलता, तब तक यह संघर्ष निरंतर चलता रहेगा।















Users Today : 15
Users Yesterday : 22