
आसनसोल : पिकनिक सीजन के दौरान मैंथन जलाशय और आसपास के जंगलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 25 दिसंबर से नए साल और पूरे सर्दी के मौसम में यहां व्यापक सुरक्षा तंत्र लागू रहेगा। झारखंड और पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ-साथ सीआईएसएफ की टीम विशेष निगरानी करेगी। डीवीसी प्रशासन ने 12 दिसंबर को विभिन्न पक्षों के साथ एक समन्वय बैठक में यह निर्णय लिया।

बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नाविकों ने भी भाग लिया। तय किया गया कि मैंथन डैम के झारखंड और पश्चिम बंगाल की ओर सीआईएसएफ और डीवीसी के सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। साथ ही, पिकनिक के व्यस्त दिनों में दोनों राज्यों की पुलिस सक्रिय रहेगी। झारखंड की ओर मिलेनियम पार्क क्षेत्र, कालीपहाड़ी और छठ घाट जैसे स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, पश्चिम बंगाल की ओर पर्यटकों के लिए पुलिस बागान क्षेत्र और अन्य स्थलों पर पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।

पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह भी निर्देश दिया गया कि बिना लाइफ जैकेट के किसी को भी नाव पर यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, बाथरूम और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए बाथनबाड़ी, फायरिंग रेंज, सुलेमान पार्क और थर्ड डाइक जैसे स्थानों पर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।
जलाशय और पिकनिक स्थलों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत और बेहतर रखरखाव को लेकर भी चर्चा हुई। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्रिसमस और नए साल के अवसर पर हजारों पर्यटकों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू किया जाएगा, ताकि पिकनिक का यह मौसम शांति और सुरक्षा के साथ संपन्न हो।















Users Today : 9
Users Yesterday : 64