
दुर्गापुर : आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने नववर्ष के जश्न के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचाव हेतु कड़ा रुख अपनाया। ड्रंक एंड ड्राइव, ट्रिपल राइडिंग और लापरवाह वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत करीब 100 लोगों को हिरासत में लेकर उन पर कानूनी कार्रवाई की गई एवं जुर्माना वसूला गया।
नए साल के अवसर पर दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करने हेतु पुलिस द्वारा प्रमुख चौराहों और होटलों के आसपास विशेष निगरानी की गई। दुर्गापुर के सिटी सेंटर क्षेत्र में पुलिस की कड़ी सतर्कता देखी गई। अभियान का नेतृत्व स्वयं डीसी ट्रैफिक पीवीजी सतीश ने किया। इस दौरान दुर्गापुर थाने की पुलिस ने दो अस्थाई पुलिस बूथ स्थापित किए। यूनर्स टीम और कॉम्बैट फोर्स ने भी पूर्ण सतर्कता बनाए रखी। मोबाइल वैन से चौकसी बढ़ाई गई ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोका जा सके।

डीसी ट्रैफिक पीवीजी सतीश ने बताया कि जिलेभर में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 98 लोगों पर पहले ही कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। ट्रैफिक पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि सड़कों पर कहीं भी जाम न लगे। होटलों में आयोजित नववर्ष की पार्टियों के आसपास सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

पुलिस की इस मुहिम से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जनता ने पुलिस की सतर्कता की सराहना की और आश्वस्त हुए कि नए साल का स्वागत सुरक्षित माहौल में किया गया। दुर्गापुर की सड़कों पर पुलिस की कड़ी निगरानी और विशेष अभियान ने यातायात व्यवस्था को सुगम एवं नियंत्रित बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।















Users Today : 15
Users Yesterday : 31