
रानीगंज : आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के रानीगंज थाना पुलिस ने एक ही दिन में 171 अपराधियों को गिरफ्तार कर एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्थापित किया। इस व्यापक अभियान के अंतर्गत अग्निशस्त्र सहित एक अपराधी, कुख्यात जामताड़ा गिरोह का एक ठग, घरों में चोरी करने वाला एक अभियुक्त, 11 जुआरी, 7 छोटे-मोटे चोरी के आरोपी, 138 मादक सेवन करने वाले व्यक्ति तथा 21 लीटर अवैध देशी शराब के साथ एक विक्रेता गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न मामलों में वांछित 11 वारंटी भी पुलिस के शिकंजे में आए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अग्निशस्त्र सहित गिरफ्तार किए गए अपराधी की पहचान सौरभ सिंह उर्फ फुचका के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह बल्लभगढ़ पेपर मिल के परित्यक्त क्वार्टर में किसी अपराधिक योजना के तहत एकत्रित हुआ था। त्वरित कार्रवाई करते हुए, रानीगंज थाना प्रभारी विकास दत्त और बल्लभगढ़ फाड़ी प्रभारी सौमेन बनर्जी के नेतृत्व में पुलिस दल ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के पास से एक देसी पाइपगन, एक 3 नॉट 3 कारतूस बरामद किया गया।

इसी अभियान के तहत कुख्यात जामताड़ा गिरोह के सदस्य सागर दास को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। वह मिहिजाम थाना क्षेत्र का रहने वाला है और पूर्व में ठगी के कई मामलों में संलिप्त रहा है। जांच में खुलासा हुआ कि 27 जुलाई 2024 को उसने रानीगंज के कॉलेजपाड़ा निवासी एवं ईसीएल कर्मी सुधीर कुमार को बैंक लोन चुकाने के नाम पर केवाईसी अपडेट करने का झांसा देकर ओटीपी प्राप्त कर लिया और ₹1.5 लाख की ठगी को अंजाम दिया। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने फोन नंबर ट्रैक कर अपराधी की पहचान की और उसे रानीगंज के नीचे पंजाबी मोड़ से गिरफ्तार किया।
इसके अतिरिक्त, पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर 11 जुआरियों को गिरफ्तार किया। सात अन्य अभियुक्तों को छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं में संलिप्तता के कारण पकड़ा गया। इसके अलावा, 138 व्यक्तियों को अवैध मादक पदार्थ सेवन के आरोप में तथा 21 लीटर अवैध देशी शराब के साथ एक तस्कर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।

एक अन्य महत्वपूर्ण गिरफ्तारी में पुलिस ने शहर के गोसी अमान मोहल्ला निवासी युबेर खान को घर में चोरी करने के आरोप में पकड़ा। जांच में सामने आया कि उसने बांसड़ा अस्पताल परिसर स्थित ईसीएल के अकाउंटेंट नूर आलम खान के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। 10 फरवरी की दोपहर, जब नूर आलम खान अपनी पत्नी को चिकित्सक के पास ले गए थे, तब युबेर खान ने उनके घर में घुसकर सोने के गहने, सोने के सिक्के और ₹4000 की नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने सूचना प्राप्त होते ही अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया और उसे अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
रानीगंज पुलिस के इस अभियान ने क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इसी तरह अपराधियों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
















Users Today : 43
Users Yesterday : 14