
चित्तरंजन : चित्तरंजन रेल इंजन कारखाने में यूनियन मान्यता के चुनाव के पहले चरण में CRMU ने बढ़त बना ली है। आज, 12 दिसंबर को सुबह 8 बजे से तकनीकी विद्यालय में मतगणना शुरू हुई। इस चुनाव में भाग लेने वाली छह यूनियनों के 12 प्रतिनिधि मतगणना केंद्र के अंदर उपस्थित थे। तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र के दोनों मुख्य द्वारों को बंद कर सुरक्षा के लिए आरपीएफ को तैनात किया गया है।
पहले चरण में पोस्टल बैलट की गिनती पूरी हो चुकी है, जिसमें CRMU ने 17 वोट, लेबर यूनियन ने 7 वोट, RMU ने 2 वोट, और कर्मचारी संघ ने 1 वोट हासिल किया। सभी बैलट पेपर को एकत्रित कर मिक्सिंग प्रक्रिया के बाद गणना जारी है।

मतगणना प्रक्रिया को व्यवस्थित और निष्पक्ष बनाने के लिए 32 बैलट बॉक्स से प्राप्त मतों को एकत्र कर मिक्स किया गया और 25-25 मतपत्रों के बंडल बनाए गए। इसके बाद प्रत्येक बंडल की गणना यूनियनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में शुरू हुई।
चित्तरंजन रेल इंजन कारखाने में (मुंबई-दिल्ली निरीक्षण इकाइयों सहित) कुल 7,018 मत डाले गए। इनमें से किसी भी यूनियन को मान्यता प्राप्त करने के लिए 2,261 वोट हासिल करने होंगे।

मतगणना स्थल पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चित्तरंजन पुलिस के साथ-साथ अन्य स्थानों से आए सुरक्षा कर्मी भी तैनात हैं। सुरक्षा बलों में 3 निरीक्षक, 15 पुलिसकर्मी, 2 महिला सिविक वॉलंटियर, 32 आरपीएफ जवान, 6 आरपीएफ निरीक्षक, और SIB व CIB के 5-5 कर्मी शामिल हैं।
तकनीकी स्कूल के चिल्ड्रन पार्क गेट पर लेबर यूनियन के समर्थकों और मुख्य द्वार पर CRMU के समर्थकों की भीड़ जुटी हुई है। मतगणना के अंतिम परिणामों पर सभी की नजर टिकी है।















Users Today : 8
Users Yesterday : 64