
अंडाल : रेलवे अस्पताल के शौचालय में मंगलवार सुबह एक रेलकर्मी का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मृत्युंजय मांझी (46) के रूप में हुई, जो रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग में ट्रैक मेंटेनेंस सेक्शन में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि शारीरिक बीमारी के चलते वह पिछले कुछ दिनों से अंडाल रेलवे अस्पताल में भर्ती थे।
मंगलवार प्रातः अस्पताल के शौचालय में उनका शव फंदे से झूलता पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवारजन और सहकर्मी अस्पताल पहुंच गए, जिसके बाद परिसर में भारी तनाव उत्पन्न हो गया। मृतक की पत्नी अर्पिता मांझी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उनके पति को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उन्होंने बताया कि उनके पति को बार-बार तबादला किया जाता था, जिसके कारण वह लंबे समय से मानसिक अवसाद से जूझ रहे थे।

सहकर्मियों ने भी इन आरोपों का समर्थन करते हुए कहा कि मृत्युंजय मांझी पर काम का अत्यधिक दबाव डाला जाता था। उनके अनुसार, इस प्रकार की प्रताड़ना किसी भी कर्मचारी के लिए असहनीय हो सकती है।

घटना के बाद गुस्साए परिजनों और सहकर्मियों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया, जिसके चलते अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे प्रशासन से न्यायिक जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वर्तमान में अस्पताल परिसर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं, परिजनों का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, वे शांत नहीं बैठेंगे।















Users Today : 15
Users Yesterday : 31