
आसनसोल : रानीगंज के बड़ेदई इलाके में गुपचुप तरीके से संचालित हो रही लगभग आठ अवैध कोयला खदानों को प्रशासन ने कोयला निकालने से पहले ही बंद करने की दिशा में सख्त कदम उठाए हैं। आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के तहत रानीगंज थाना क्षेत्र के पंजाबी मोड़ चौकी की पुलिस ने इन खदानों के मुंह भरने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
स्थानीय लोगों की शिकायत पर कार्रवाई
कुछ दिनों पूर्व स्थानीय निवासियों ने पुलिस को सूचना दी थी कि बड़ेदई क्षेत्र में कई अवैध कोयला खदानें सक्रिय हो रही हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन अवैध खदानों को सील करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

खदान मुंह भरने का कार्य तेज
सुबह से ही पुलिस टीम क्षेत्र में सक्रिय होकर एक-एक कर अवैध खदानों के मुंह भरने का काम कर रही है। इस कार्य का नेतृत्व हाल ही में नियुक्त पंजाबी मोड़ चौकी के प्रभारी करतार सिंह कर रहे हैं, जिनके साथ सब-इंस्पेक्टर कुंतल हलदार भी मौजूद हैं। पुलिस प्रशासन के सूत्रों के अनुसार, अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ईसीएल प्रशासन नदारद
हालांकि पुलिस प्रशासन ने अवैध खदानों को बंद करने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं, लेकिन ईसीएल (ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के अधिकारियों की अनुपस्थिति ने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है। अवैध खदानों को लेकर ईसीएल की जिम्मेदारी भी सवालों के घेरे में है।
सख्ती का संदेश
पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध कोयला खनन पर नकेल कसने के लिए एक स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन की तत्परता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह की सख्ती से अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी।















Users Today : 60
Users Yesterday : 34