
आसनसोल : रूपनारायणपुर में एक प्रतिष्ठित व्यापारी को भाषा के आधार पर हमले का शिकार होना पड़ा, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हलचल मच गई है। घटना के विरोध में आज, 16 दिसंबर को बांग्ला पक्ष और रूपनारायणपुर बाजार व्यवसायी संघ के सदस्य स्थानीय पुलिस चौकी में एकत्रित हुए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सूत्रों के अनुसार, 15 दिसंबर की रात लगभग सवा नौ बजे तीन युवक रूपनारायणपुर बस स्टैंड स्थित अनूप मज़ी के दुकान पर आए। उन्होंने 6 रुपये का भुगतान गूगल पे के माध्यम से किया, जिस पर भुगतान की पुष्टि संबंधित मशीन द्वारा बंगाली में की गई। इस पर उन युवकों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि यह घोषणा हिंदी में क्यों नहीं की गई, और उन्होंने अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए यह भी कहा कि यह घोषणा हिंदी में ही होनी चाहिए।

तत्काल बाद में, जब स्थानीय व्यवसायी और अन्य लोग घटनास्थल पर पहुंचे, तो तीनों युवक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। लेकिन लगभग दस बजे जब बाजार सुनसान हो गया और अनूप बाबू अपनी दुकान बंद करने जा रहे थे, तो वे युवक डाबर मोड़ पर वापस लौट आए। एक युवक ने अचानक अनूप बाबू पर हमला किया, जिसके परिणामस्वरूप उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और रक्तस्त्राव होने लगा। हमलावरों ने हमले के बाद मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों ने घायल अनूप बाबू को पीठाकियारी अस्पताल में पहुंचाया, जहां उनकी चोटों पर दो टांके लगाए गए। इस घटना के विरोध में बाजार के व्यापारियों और बंगाल पक्ष के कार्यकर्ताओं ने रूपनारायणपुर पुलिस चौकी में एकत्रित होकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। रूपनारायणपुर थाना के ओसी अरुणाभ भट्टाचार्य ने मामले को गंभीरता से लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
यह घटना पहले की एक समान घटना की पुनरावृत्ति प्रतीत हो रही है, जब हाल ही में काली पूजा मेले के दौरान एक युवक ने हिंदी भाषा को लेकर आपत्ति जताई थी। ऐसे मामलों को लेकर स्थानीय लोग काफी गुस्से में हैं और प्रशासन से अपेक्षाएँ रखते हैं कि वे इस असहिष्णुता को समाप्त करने के लिए कड़े कदम उठाएं।















Users Today : 12
Users Yesterday : 64