
आसनसोल : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा प्रारंभ ‘सबुज साथी’ योजना ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में वरदान सिद्ध हो रही है। इस योजना के अंतर्गत इस वर्ष भी विद्यालयों में निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ, जिसके तहत शनिवार को बाराबनी ब्लॉक स्थित गौरांडी आर.के.एस. इंस्टीट्यूशन उच्च माध्यमिक विद्यालय में साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में बाराबनी पंचायत समिति के अध्यक्ष असित सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. तुषार बनर्जी सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के 400 छात्र-छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं।

ग्रामीण परिवहन समस्या का समाधान
बाराबनी पंचायत समिति के अध्यक्ष असित सिंह ने बताया कि इस ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों में साइकिल वितरण प्रारंभ किया गया है, और इस क्रम में आज गौरांडी आर.के.एस. इंस्टीट्यूशन में साइकिलें वितरित की गईं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवहन सुविधा के अभाव में अनेक विद्यार्थियों को विद्यालय जाने में कठिनाई होती थी, जिसे ‘सबुज साथी’ योजना ने दूर करने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की यह पहल विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने और शिक्षा को सुगम करने हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध हो रही है।

शिक्षा के प्रति नवाचार का परिचायक
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. तुषार बनर्जी ने इस योजना को राज्य सरकार की शिक्षा संवर्द्धन हेतु अभिनव पहल बताया। उन्होंने कहा कि 2011 में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सत्ता में आने के उपरांत विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने हेतु इस योजना की संकल्पना की गई, जिसका क्रियान्वयन 2015 में पश्चिम मेदिनीपुर जिले से प्रारंभ हुआ।

प्रधानाचार्य के अनुसार, योजना के तहत वितरित साइकिलों पर मुख्यमंत्री के हाथों से अंकित विशेष चिह्न ‘सबुज साथी’ का प्रतीक है, जो इसे विशिष्ट बनाता है। इस योजना ने राज्य ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई है, और राज्य सरकार का यह प्रयास विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम है।















Users Today : 5
Users Yesterday : 23