
आसनसोल : आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 22 स्थित कल्याणपुर हाउसिंग के अनन्या कॉम्प्लेक्स के बाहर कूड़ा-कचरा न हटने को लेकर तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। सफाई व्यवस्था की मांग को लेकर अनन्या कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष और कांग्रेस नेता प्रोसेनजीत पोइतुंडी के नेतृत्व में स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान, तृणमूल पार्षद अनिमेष दास मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बात करने लगे। हालांकि, सफाई व्यवस्था को लेकर दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि बहस हाथापाई में बदल गई। चश्मदीदों के अनुसार, तृणमूल समर्थक और कांग्रेस कार्यकर्ता सरेआम एक-दूसरे से भिड़ गए।

कांग्रेस नेता पोइतुंडी का आरोप है कि तृणमूल पार्षद और उनके समर्थकों ने प्रदर्शनकारियों को मौके से भगाने का प्रयास किया। इसी बीच, उन्हें धक्का देकर कचरे में गिरा दिया गया और धक्का-मुक्की के दौरान अपमानजनक व्यवहार किया गया। मामले ने तब और तूल पकड़ा जब कूड़े से पोइतुंडी ने अपना बचाव करने के लिए एक लकड़ी का डंडा उठा लिया।
स्थिति गंभीर होती देख, आसनसोल साउथ पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्वक हटाया।
प्रोसेनजीत पोइतुंडी ने तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से हाउसिंग के बाहर कूड़ा-कचरा हटाने की मांग की जा रही थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान तृणमूल समर्थकों ने उनके साथ बदसलूकी की और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धमकाया। उन्होंने इसे तृणमूल की तानाशाही करार देते हुए इसके खिलाफ जोरदार प्रदर्शन की चेतावनी दी।

इस मामले पर तृणमूल पार्षद अनिमेष दास ने कहा कि सफाई का काम निगम द्वारा किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस नेता बेवजह इसे मुद्दा बनाकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहले माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।
इस पूरे घटनाक्रम से अनन्या कॉम्प्लेक्स के निवासियों में भारी रोष है। उनका कहना है कि सफाई व्यवस्था की उपेक्षा लंबे समय से हो रही है, जिससे पूरे इलाके में गंदगी और बदबू फैल रही है।
यह घटना सफाई जैसी बुनियादी समस्या पर राजनीतिक खींचतान और बढ़ती कड़वाहट को उजागर करती है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस विवाद का हल निकालने के लिए क्या कदम उठाता है।















Users Today : 12
Users Yesterday : 64