
रानीगंज : संत निरंकारी मिशन द्वारा ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के तृतीय चरण का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अभियान के अंतर्गत रानीगंज के सुप्रसिद्ध छठ घाट एवं आस्था केंद्र बरदही काली मंदिर प्रांगण तथा जलाशय में सघन स्वच्छता अभियान संचालित किया गया।
सैकड़ों की संख्या में मिशन से जुड़े श्रद्धालु नर-नारी, भजन-कीर्तन एवं गीत-संगीत की आध्यात्मिक छाया में इस सेवा कार्य में समर्पित भाव से सम्मिलित हुए।

सफाई अभियान उपरांत रानीगंज के निरंकारी सत्संग भवन में भव्य भजन-कीर्तन एवं धर्मसभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मिशन के भक्तों द्वारा प्रस्तुत आध्यात्मिक भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
समाज सेवा एवं जागरूकता का अनूठा संकल्प
मिशन के संयोजक दिलीप सिंह ने बताया कि यह अभियान समाज सेवा, जल संरक्षण एवं स्वच्छता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को जागरूक करने का प्रभावी माध्यम है। यह अभियान धमुना नदी छठ घाट, आईटीओ, दिल्ली में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता अमित जी के पावन सान्निध्य में प्रारंभ किया गया था।

राष्ट्रीय स्तर पर ‘प्रोजेक्ट अमृत’ का विस्तार
वर्तमान में यह अभियान 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 800 शहरों में 1600 स्थानों पर संचालित हो रहा है, जिसमें 10 लाख से अधिक स्वयंसेवकों एवं युवाओं की सक्रिय सहभागिता देखी जा रही है। यह अभियान समाज सेवा की अनुकरणीय मिसाल प्रस्तुत कर रहा है।
स्वच्छ भारत अभियान को बल प्रदान करता संत निरंकारी मिशन
संत निरंकारी मिशन का यह प्रयास जलाशयों की स्वच्छता बनाए रखने तथा ‘स्वच्छ भारत अभियान’ को सुदृढ़ आधार देने में एक महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। समाज कल्याण की इस पवित्र साधना में मिशन की संवेदनशीलता, निष्ठा एवं सेवा भावना एक प्रेरणास्रोत के रूप में उभर रही है।















Users Today : 46
Users Yesterday : 14