
कुल्टी : आसनसोल नगर निगम के कुल्टी क्षेत्र के कुलतोड़ा इलाके में भू-माफियाओं के एक सक्रिय सिंडिकेट ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है। यह वही भूमि है, जिस पर 2019 में दमकल विभाग का कार्यालय बनने का प्रस्ताव था। यह कार्यालय कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के लाखों निवासियों के लिए एक लंबे समय से अधूरा सपना था, जो अब पूरी तरह चकनाचूर हो गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिस भूमि पर दमकल कार्यालय का निर्माण होना था, उस पर अब भू-माफियाओं का दबदबा है। इस घटना ने क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी उम्मीदों को तोड़ दिया है।

पूर्व उपमहापौर तब्बसुम आरा ने इस घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अपील की है कि वह भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि ये माफिया न केवल सरकारी भूमि पर कब्जा कर रहे हैं, बल्कि कुल्टी के निवासियों के वर्षों पुराने सपने को भी ध्वस्त कर रहे हैं।

वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता कृष्णानंद मुखर्जी ने इसे लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर भू-माफियाओं पर की गई कार्रवाई केवल एक दिखावा है। यह जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास है। उन्होंने मांग की कि जिला प्रशासन उन ताकतवर लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई करे, जो पर्दे के पीछे रहकर इस प्रकार के कृत्यों को अंजाम देते हैं। मुखर्जी ने आरोप लगाया कि इन माफियाओं को सत्तारूढ़ दल के नेताओं का संरक्षण प्राप्त है, जिससे इनकी गतिविधियां बेरोकटोक जारी हैं।
जनता ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को तुरंत रोका जाए और दमकल कार्यालय के निर्माण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए। वहीं, इस मामले में पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर लोगों में आक्रोश है।















Users Today : 7
Users Yesterday : 64