
आसनसोल : हीरापुर थाना अंतर्गत बर्नपुर के नरसिंहबांध क्षेत्र में सरकारी भूमि पर कूटरचित दस्तावेजों के सहारे अवैध कब्जे के गंभीर मामले का पर्दाफाश हुआ है। इस प्रकरण में प्रशासन को गुमराह कर सरकारी कागजात में हेरफेर करने का आरोप एक संगठित गिरोह पर लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हीरापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नीरज सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के अनुसार, आसनसोल के हीरापुर थाना क्षेत्र स्थित हिलव्यू निवासी नीरज सिंह ने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर भूमि एवं भू-राजस्व विभाग के नाम से जाली दस्तावेज तैयार किए थे। इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नरसिंहबांध इलाके में कई एकड़ सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया गया। इस संदर्भ में 20 फरवरी को हीरापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के क्रम में फर्जीवाड़े का खुलासा होने पर पुलिस ने बुधवार की संध्या आरोपी को धर-दबोचा।

गुरुवार को आरोपी को आसनसोल न्यायालय में पेश किया गया, जहां पुलिस ने 10 दिन की रिमांड की मांग की। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जमानत याचिका को खारिज कर दिया और आरोपी को 7 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
मामले से जुड़े अधिवक्ता शेखर कुंडू ने कहा कि यदि इस पूरे प्रकरण की गहन जांच की जाए तो कई अन्य प्रभावशाली नाम सामने आ सकते हैं। केवल नीरज सिंह ही नहीं, बल्कि अन्य प्रभावशाली लोग भी इस षड्यंत्र में संलिप्त हो सकते हैं। सूत्रों का दावा है कि बर्नपुर क्षेत्र में कई संगठनों द्वारा इसी प्रकार जाली दस्तावेजों के सहारे सरकारी जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा जमाने का खेल लंबे समय से चल रहा है।

स्थानीय स्तर पर चर्चाओं के अनुसार, इस जमीन घोटाले में इम्तियाज, जावेद और ठाकुर जैसे प्रभावशाली नामों की संलिप्तता भी हो सकती है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है ताकि इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश किया जा सके और सरकारी संपत्ति को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा सके।















Users Today : 19
Users Yesterday : 23