
अंडाल : झांझरा कोलियरी एमआईसी मोड़ स्थित एक ज्वेलरी दुकान में सेंदमारी के जरिए चोरों ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही लाउदोहा थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार सुबह दुकान मालिक राहुल चौधरी ने बताया कि सोमवार रात को रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह जब दुकान खोली, तो पाया कि शटर में किसी प्रकार की बाधा थी। जैसे-तैसे शटर खोला गया, तो अंदर का नजारा देखकर चौंक गए। दुकान के पिछले हिस्से की दीवार में बड़ा सा छेद काटा गया था, जिससे संभवतः चोर अंदर घुसे और चोरी को अंजाम देकर फरार हो गए। चोरी की सूचना मिलते ही दुर्गापुर फरीदपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

उल्लेखनीय है कि इस महीने में क्षेत्र में चोरियों की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। 6 तारीख को बालिजुरी गांव में एक बंद खदानकर्मी के घर में चोरी हुई, 7 तारीख को ईसीएल की तिलावनी कोलियरी के गोदाम से महंगे यंत्रों की लूट हुई, 8 तारीख को रामप्रसादपुर पंचायत के नजीराबाद में एक रेलकर्मी के घर में चोरी की वारदात हुई और 14 तारीख को अंडाल की पड़ाशकोल कोलियरी के गोदाम से उपकरणों की चोरी कर चोर फरार हो गए।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि दुर्गा पूजा के अवसर पर पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में व्यस्त हैं, जिसका फायदा उठाकर अपराधी लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। क्षेत्र के निवासियों ने प्रशासन से इस ओर ध्यान देने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
















Users Today : 3
Users Yesterday : 22