
आसनसोल : सोशल मीडिया पर शेयर मार्केटिंग ट्रेडिंग का आकर्षक विज्ञापन देखना बर्नपुर निवासी रामेश्वर दयाल को भारी पड़ गया। शेयर बाजार में लाभ कमाने की उम्मीद में उन्होंने 10 लाख 28 हजार रुपये गंवा दिए। इस साइबर धोखाधड़ी के शिकार रामेश्वर दयाल ने आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के साइबर क्राइम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, इस वर्ष अगस्त में रामेश्वर दयाल ने सोशल मीडिया पर “फ्री शेयर मार्केटिंग ट्रेडिंग” का विज्ञापन देखा और उस पर क्लिक कर दिया। इसके बाद उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां अन्य लोग शेयर खरीद-बिक्री में निवेश कर कम समय में मुनाफा कमा रहे थे। ग्रुप की गतिविधियों से प्रभावित होकर रामेश्वर दयाल ने 22 अगस्त को 10,000 रुपये निवेश किए। प्रारंभिक लाभ मिलने पर उन्होंने अक्टूबर तक धीरे-धीरे कुल 10 लाख 28 हजार रुपये का निवेश कर दिया।

समस्या तब शुरू हुई जब उन्होंने निवेश की गई राशि को निकालने का प्रयास किया। उन्हें और अधिक धनराशि जमा करने के लिए कहा गया। इनकार करने पर उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप से हटा दिया गया। ठगी का अहसास होते ही रामेश्वर ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना साइबर अपराध के तेजी से बढ़ते मामलों की ओर इशारा करती है। सोशल मीडिया पर इस प्रकार के लुभावने विज्ञापनों से सावधान रहने और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने नागरिकों को जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे प्रलोभनों से बचना ही साइबर धोखाधड़ी से सुरक्षा का सबसे प्रभावी तरीका है।















Users Today : 4
Users Yesterday : 64