

रानीगंज : बल्लभपुर फाड़ी क्षेत्र स्थित साहेबगंज मोड़ पर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसमें एक सिविक वॉलिंटियर और पुलिस कांस्टेबल ने ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल छीन लिया।
घटना के अनुसार, एक 16 चक्का ट्रक बांकुड़ा से सरिया लोड करके रानीगंज की ओर आ रहा था। जब ट्रक नाका चेकिंग के पास रुका, तो सिविक वॉलिंटियर ने ड्राइवर से 200 रुपये की रिश्वत की मांग की। ड्राइवर ने अपनी सभी कागजात दिखाते हुए कहा कि माल अंडरलोड है और वह पैसे देने से इंकार कर दिया। इसके बाद सिविक वॉलिंटियर ने 100 रुपये की जिद की, लेकिन ड्राइवर ने फिर भी पैसे देने से मना कर दिया।

इस पर सिविक वॉलिंटियर ने ड्राइवर से गाड़ी को किनारे करने को कहा, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी सड़क पर छोड़कर उतरकर सिविक वॉलिंटियर का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस कांस्टेबल ने आकर ड्राइवर से उसका मोबाइल छीन लिया और उसे एक कमरे में बंद कर दिया। वहां उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसके पैर में चोटें आईं।

घटना के बाद, पीड़ित ड्राइवर ने वहां मौजूद एक संवाददाता को पूरी घटना के बारे में बताया। संवाददाता ने कांस्टेबल से बात की, तो उसने ड्राइवर पर आरोप लगाया कि उसने कागजात नहीं दिखाए और गाड़ी छोड़कर भागने की कोशिश की। संवाददाता की उपस्थिति के बाद पुलिस ने ड्राइवर को उसका मोबाइल लौटा दिया और वाहन को जाने दिया।
स्थानीय लोग इस घटना पर आक्रोशित हैं और उनका कहना है कि यह कोई नई घटना नहीं है। इस प्रकार की घटनाएं अक्सर होती हैं, लेकिन वाहन चालक मजबूरीवश विरोध करने से डरते हैं।















Users Today : 58
Users Yesterday : 34