
आसनसोल : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सख्त हिदायत के बाद पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में आसनसोल उत्तर थाना पुलिस ने पलाशदिहा गांव में सरकारी तालाब की अवैध भराई के मामले में आरोपी एहतेशाम आज़मी उर्फ विल्सन को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को आसनसोल सीजीएम अदालत में पेश किया और 7 दिन की पुलिस हिरासत की अनुमति प्राप्त की।पलाशदिहा गांव निवासी श्यामल कृष्ण राय और तापस नंदी की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आसनसोल नगर निगम के बोरो पांच के सहायक अभियंता इंद्रजीत कोनार की ओर से दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 12 अगस्त 2024 को सरकारी तालाब की अवैध भराई की घटना सामने आई थी। आरोप है कि विल्सन ने अपनी कंपनी के नाम पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे तालाब की भराई करवाई।पुलिस का कहना है कि इस मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का कई प्रभावशाली नेताओं से करीबी संबंध है, और उसने उत्तर थाना इलाके में कई बड़े आवासीय प्रोजेक्ट्स पूरे किए हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि यह मामला केवल तालाब भराई तक सीमित है या इसके पीछे कोई बड़ा षड्यंत्र है।

असनसोल सीजीएम अदालत में पेशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के 14 दिनों की रिमांड की मांग की थी, लेकिन न्यायाधीश ने 7 दिन की पुलिस हिरासत को मंजूरी दी। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य जुड़े मामलों और आरोपियों की जानकारी हासिल करने का प्रयास करेगी।आसनसोल नगर निगम के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी जमीन और तालाबों की भराई की घटना को अत्यंत आपत्तिजनक बताया। निगम ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस घटना के बाद इलाके में पुलिस की कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई है। लोगों का कहना है कि पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाइयों के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अगला नंबर किसका आता है। विल्सन की गिरफ्तारी ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी के कई बड़े नेताओं से करीबी संबंध रहे हैं, जिनकी जांच पुलिस अब तेज कर सकती है।

पुलिस और नगर निगम ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि सरकारी जमीन और तालाबों की अवैध भराई के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। साथ ही, इस घटना को नजीर बनाते हुए अवैध गतिविधियों में संलिप्त अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, पुलिस की जांच जारी है, और जनता की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में और कौन-कौन से नाम इस अवैध भराई मामले में सामने आते हैं।















Users Today : 58
Users Yesterday : 34