
आसनसोल : निघा मोड़ पर एक तेज रफ्तार लॉरी की चपेट में आकर स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद लॉरी चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार युवक रानीगंज से आसनसोल की ओर जा रहा था। निघा मोड़ पर सड़क के दोनों ओर डिवाइडर रखे हुए थे। युवक पहले एक डिवाइडर पार कर चुका था, लेकिन दूसरे डिवाइडर को पार करने के दौरान उसकी स्कूटी असंतुलित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़ा।

इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार लॉरी ने युवक के हाथ पर चक्का चढ़ा दिया, जिससे उसका हाथ बुरी तरह से कुचल गया। हादसे के बाद लॉरी चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत सड़क से हटाया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही श्रीपुर फाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि फरार लॉरी चालक को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निघा मोड़ पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद यहां यातायात नियमों की अनदेखी की जाती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर और उचित ट्रैफिक व्यवस्था की जाए, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
फिलहाल पुलिस लॉरी चालक की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।















Users Today : 43
Users Yesterday : 14