
आसनसोल : अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) के महासचिव एवं चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल से पश्चिम बर्धमान जिला वाणिज्य मंडल का एक प्रतिष्ठित शिष्टमंडल कोलकाता में मुलाकात कर सम्मानित किया। इस अवसर पर व्यापारिक जगत से जुड़े विविध महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। शिष्टमंडल की अगुवाई पवन गुटगुटिया ने की, साथ ही संजय तिवारी, जेपी डोकानिया, सचिन बालोदिया आदि प्रतिष्ठित सदस्य भी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि सांसद एवं कैट महासचिव प्रवीण खंडेलवाल कोलकाता में व्यवसायिक समुदाय से संबंधित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु उपस्थित थे। इस दौरान पश्चिम बर्धमान जिला वाणिज्य मंडल के पदाधिकारियों ने उनसे शिष्टाचार भेंट कर सम्मान अर्पित किया। इस बैठक में व्यापारिक क्षेत्र में उत्पन्न चुनौतियों एवं व्यापारियों के हितों की रक्षा से संबंधित कई विषयों पर चर्चा की गई। व्यापारिक क्षेत्र में सरकार की नीतियों से उत्पन्न समस्याओं के समाधान हेतु सुझाव भी दिए गए।

यह महत्वपूर्ण बैठक उस राज्यव्यापी सम्मेलन के बाद आयोजित हुई, जो कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के पश्चिम बंगाल चैप्टर की एक विशेष बैठक थी। इस राज्यव्यापी सम्मेलन में पश्चिम बंगाल के अग्रणी व्यापारिक नेताओं ने भाग लिया, जिसमें व्यापार जगत से संबंधित विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर मंथन हुआ। यह बैठक व्यापारिक चुनौतियों को दृष्टिगत रखते हुए व्यवसायियों के हितों के संरक्षण और उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने की दिशा में की गई एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
प्रवीण खंडेलवाल ने इस अवसर पर पश्चिम बर्धमान जिला वाणिज्य मंडल के प्रयासों की सराहना की और आश्वासन दिया कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे।















Users Today : 5
Users Yesterday : 22