
आसनसोल : विश्वास, स्नेह और पारिवारिक आत्मीयता को छलनी कर देने वाली एक चौंकाने वाली घटना में, एक परिवार की द्वारा पाली गई युवती ने ही उनके घर को निशाना बना लिया। किंतु अपराधबोध से अनभिज्ञ यह षड्यंत्रकारिणी अंततः पुलिस के जाल में फंस गई। इस आपराधिक कृत्य में संलिप्त मुख्य अभियुक्ता दीपा उर्फ़ दीपु (22) शर्मा एवं उसकी साथी दीपा यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

विश्वास की बुनियाद पर किया प्रहार
दुर्गापुर के अलाउद्दीन खां बीथी क्षेत्र निवासी संजीव कुमार शर्मा, जो पेशे से अभियंता हैं, अपनी नौकरी के कारण अन्य राज्य में कार्यरत हैं। उनके घर में उनकी पत्नी नागमणि शर्मा, माता-पिता और पारिवारिक सेविका की पुत्री दीपा निवास करती थी। महज़ 11 वर्ष की आयु में अपनी माँ के साथ इस घर में आई दीपा को शर्मा परिवार ने अपने घर की संतान समान अपनाया। महंगे मोबाइल, ब्रांडेड वस्त्र, साइकिल और हर प्रकार की सुविधाओं से उसे सुसज्जित किया गया, किंतु वही पालित पुत्री जब घर के स्नेह की पीठ में छुरा घोंप देगी, यह परिवार ने कभी सोचा न था।

धोखे की कड़वी परिणति
गुरुवार को संजीव शर्मा का परिवार जब बाजार गया हुआ था, तभी यह अप्रत्याशित घटना घटी। लौटने पर अलमारी से 25 तोला सोने के गहने, 1 किलोग्राम चाँदी के आभूषण और ₹2 लाख नकद गायब मिले। जब नागमणि शर्मा ने दीपा से पूछताछ की, तो उसने अनभिज्ञता प्रकट की। संदेह उत्पन्न होने पर शर्मा परिवार ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की सूझबूझ और खुलासा
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने दीपा के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड की पड़ताल की, जिससे एक संदिग्ध महिला – दीपा यादव का नाम प्रकाश में आया। गहन पूछताछ के उपरांत पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर दुर्गापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 से दीपा यादव को गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास से चोरी गया माल भी बरामद हुआ।
दिल्ली कनेक्शन और प्रेम की परतें
जांच में खुलासा हुआ कि दीपा शर्मा और दीपा यादव, दोनों दिल्ली में निवास करती थीं। चार दिन पूर्व दीपा यादव ने ही दीपा शर्मा को दुर्गापुर बुलाया और साजिशन इस चोरी को अंजाम देने हेतु उकसाया। घटना के उपरांत चोरी के गहने व नकदी एक स्थानीय होटल में सौंपे गए, और दीपा यादव ने दिल्ली वापसी हेतु ट्रेन टिकट की भी व्यवस्था कर दी। पुलिस को दोनों के मोबाइल से आपसी प्रेम संबंधों के प्रमाण भी प्राप्त हुए।
पुलिस का वक्तव्य
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के डीसीपी (पूर्व) अभिषेक गुप्ता ने कहा, “सिटी सेंटर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में इस प्रकार की घटना असामान्य थी, किंतु हमारी त्वरित कार्रवाई से अपराधियों को गिरफ्तार कर संपूर्ण चोरी गया माल बरामद कर लिया गया है।”















Users Today : 5
Users Yesterday : 23