कोलकाता/ आसनसोल : जर्मनी के सुहल में आयोजित आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने वाले युवा निशानेबाज अभिनव शॉ का बुधवार को सम्मान किया गया। पश्चिम बंगाल सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग के मंत्री डॉ. इंद्रनील खान ने अभिनव और उनके माता-पिता को कोलकाता स्थित न्यू सेक्रेटेरिएट भवन कार्यालय में आमंत्रित कर उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।

मंत्री ने अभिनव शॉ की ऐतिहासिक सफलता की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए उपलब्धियां हासिल करना गर्व का विषय है। उन्होंने अभिनव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आश्वासन दिया कि उनकी खेल यात्रा में हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम में बनाया विश्व रिकॉर्ड
अभिनव शॉ ने जर्मनी के सुहल में आयोजित आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया। अभिनव और उनकी साथी खिलाड़ी सांभवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 505.8 अंक हासिल किए।
इससे पहले इस स्पर्धा का विश्व रिकॉर्ड 499.9 अंक था। निशानेबाजी जैसे खेल में 0.1 अंक का भी विशेष महत्व होता है, ऐसे में करीब छह अंकों के अंतर से नया रिकॉर्ड स्थापित करना अभिनव और उनकी टीम के असाधारण प्रदर्शन को दर्शाता है।
यह उपलब्धि अभिनव के अंतरराष्ट्रीय करियर का 17वां पदक है। उनकी इस सफलता ने भारतीय निशानेबाजी जगत में एक नई उम्मीद जगाई है।
कम उम्र में हासिल की बड़ी उपलब्धियां
अभिनव शॉ वर्ष 2022 से भारतीय शूटिंग टीम का हिस्सा हैं। मात्र 10 वर्ष की उम्र में उन्होंने राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। इसके बाद 14 वर्ष की आयु में वर्ष 2022 में जर्मनी के सुहल में आयोजित पहली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई।
इसके बाद अभिनव ने जूनियर विश्व कप, विश्व चैंपियनशिप और एशियाई चैंपियनशिप जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कई पदक अपने नाम किए।
वर्ष 2025 में कजाकिस्तान में आयोजित एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी सोशल मीडिया मंच के माध्यम से अभिनव को बधाई दी थी।

ओलंपिक पदक का सपना पूरा करने में सहयोग का आश्वासन
सम्मान समारोह के दौरान अभिनव शॉ ने मंत्री डॉ. इंद्रनील खान से मुलाकात को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि देश के लिए ओलंपिक पदक जीतना उनका सबसे बड़ा लक्ष्य है।
मंत्री ने अभिनव को भरोसा दिलाया कि उनकी प्रतिभा और मेहनत को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
अभिनव शॉ की उपलब्धि को खेल जगत से जुड़े लोगों ने बंगाल और पूरे देश के लिए गौरव का क्षण बताया। उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और समर्पण के बल पर युवा खिलाड़ी विश्व मंच पर भारत का गौरव बढ़ा सकते हैं।















Users Today : 5
Users Yesterday : 40