
रानीगंज : ईसीएल के बालू डंपर ने एक दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग महिला की जान ले ली। घटना अमृतनगर कोलियरी के समीप घटित हुई, जहां खराब सड़क पर स्कूटी से पूजा करने जा रही 57 वर्षीय चिंता देवी अपने पोते के साथ डंपर की चपेट में आ गईं। बालू लदा डंपर दामोदर नदी से ईसीएल साइडिंग ले जाया जा रहा था, जब यह हादसा हुआ। डंपर के नीचे दबने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मुआवजे की मांग और सड़क पर भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बालू लदे डंपरों और अन्य वाहनों में तोड़फोड़ भी की। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस बल को तैनात करना पड़ा।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। कई बार मरम्मत की मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके उलट, भारी वाहनों का बेतरतीब आवागमन जारी है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

मृतका के परिवार और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हादसे का मुख्य कारण खराब सड़क और डंपर चालक की लापरवाही है। दावा किया गया कि डंपर चालक नशे की हालत में था और डंपर के पास वैध दस्तावेज नहीं थे। खराब सड़क और यातायात नियंत्रण की कमी ने भी इस दुखद घटना को अंजाम दिया।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तुरंत सड़क की मरम्मत कराने और भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की है। इस हादसे ने क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और यातायात प्रबंधन की खामियों को उजागर किया है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।















Users Today : 15
Users Yesterday : 31