

आसनसोल : रानीगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो अलग-अलग स्थानों पर डकैती की साजिश रचने वाले कुल आठ अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। इंस्पेक्टर विकास दत्ता के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस दल ने यह कार्रवाई की।
पहली घटना कुम्हार बाजार और बक्तानगर मार्ग स्थित एचपी गैस गोदाम के समीप एक जंगल में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि बाहरी क्षेत्र से आए दो अपराधी स्थानीय दो अपराधियों के साथ मिलकर डकैती की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर देवेन भुइंया (22), मोहम्मद अख्तर रईन (30), विवेक डोम (24), और दानिस अंसारी (21) को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक देसी कट्टा, एक कारतूस, लोहे की छड़, धारदार हथियार, और नायलॉन की रस्सी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों को 4 जनवरी को गिरफ्तार किया और 5 जनवरी को अदालत में पेश किया।

दूसरी घटना रानीगंज थाना क्षेत्र के बल्लभपुर चौकी अंतर्गत पेपर मिल के पास दमोदर नदी के किनारे घटी। यहां पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे चार अन्य अपराधियों को धर दबोचा। इन अपराधियों के पास से लोहे की कैंची, स्टील की छड़, धारदार चाकू, रस्सी, और अन्य उपकरण बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में रंजीत बाल्मीकि (19), मंगल बावरी (30), आकाश बाल्मीकि (28), और गौड़ गोफ (30) शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों को सोमवार को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया। इन पर डकैती की योजना बनाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी घटना को टाल दिया गया और अपराधियों को गिरफ्तार कर क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित की गई।















Users Today : 3
Users Yesterday : 14