
बराकर : बैगुनिया मोड़ स्थित महा माया ज्वेलर्स के मालिक मलय कर्मकार की स्कूटी से लगभग 200 ग्राम सोने के आभूषणों की चोरी हो गई, जिससे स्थानीय स्वर्ण व्यवसायियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मलय कर्मकार रोज की तरह दुकान बंद कर अपनी स्कूटी की डिक्की में बैग रखकर गुरुनानक स्टोर पर ब्रेड खरीदने गए थे। इसी दौरान चोर ने स्कूटी की अनलॉक डिक्की से बैग निकाल लिया और मौके से फरार हो गया। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही बराकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने रात में ही दुकान पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटी की डिक्की खोलते हुए नजर आया, लेकिन कैमरे में केवल उसका शरीर दिखा, चेहरा स्पष्ट नहीं होने के कारण पहचान मुश्किल हो रही है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बराकर क्षेत्र में लगे 32 सीसीटीवी कैमरों में से 16 के डीवीआर खराब हैं। ये सभी कैमरे बराकर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अधीन आते हैं और इनकी मॉनिटरिंग बराकर पुलिस चौकी द्वारा की जाती है। फाड़ी रोड, बैगुनिया मोड़, बस स्टैंड और चेकपोस्ट तक आधा दर्जन से अधिक कैमरे काम नहीं कर रहे, जिससे अपराधियों को पकड़ना और भी कठिन हो गया है।
इस घटना के बाद व्यापारियों में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है। चेंबर ऑफ कॉमर्स और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, गश्त बढ़ाने और सभी सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त करने की मांग उठाई जा रही है। पुलिस अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही चोर की पहचान कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।















Users Today : 20
Users Yesterday : 23