
आसनसोल : पश्चिम बर्दवान जिले में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने हेतु स्वनिर्भर गोष्ठी विभाग द्वारा आयोजित सबला मेला का भव्य शुभारंभ मंगलवार को पोलो मैदान में किया गया। यह मेला आगामी 6 फरवरी तक चलेगा, जिसमें स्वनिर्भर महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शनी एवं विक्रय किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में पश्चिम बंगाल सरकार के श्रम एवं कानून मंत्री मलय घटक, जिला शासक एस. पोन्नंबलम, आसनसोल नगर निगम के डिप्टी मेयर अभिजीत घटक, जिला परिषद सभाधिपति विश्वनाथ बाउरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अतिथियों ने पारंपरिक दीप प्रज्वलन कर मेले का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मंत्री मलय घटक ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सदैव महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देती रही हैं। उनके प्रयासों से ही स्वनिर्भर गोष्ठी को प्रोत्साहन मिला है, जिसके अंतर्गत महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि यह मेला उन महिलाओं के परिश्रम और हुनर का सजीव प्रमाण है, जो स्वयंनिर्मित उत्पादों के माध्यम से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं।

मंत्री ने बताया कि मेले में स्वनिर्भर गोष्ठी की सैकड़ों महिलाओं द्वारा विभिन्न स्टॉल लगाए गए हैं, जहां हस्तशिल्प, परिधान, घरेलू सजावटी वस्तुएं, हर्बल उत्पाद एवं स्थानीय कला से जुड़े सामान प्रदर्शित किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से इस मेले में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर महिला कारीगरों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
यह मेला केवल व्यापारिक गतिविधियों का केंद्र नहीं है, बल्कि यह नारी सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का प्रतीक भी है। इस आयोजन के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे और समाज में उनकी आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।















Users Today : 30
Users Yesterday : 14