
आसनसोल : हावड़ा से आसनसोल की यात्रा अब दो घंटे से भी कम समय में पूरी हो सकेगी, जिससे खासतौर पर औद्योगिक क्षेत्र और आस-पास के निवासियों को बड़ा लाभ होगा। यह सुविधा उन लोगों के लिए अत्यधिक फायदेमंद साबित होगी जो स्वास्थ्य उपचार या अन्य आपातकालीन कार्यों के लिए हावड़ा या कोलकाता की यात्रा करते हैं।
हावड़ा-गया वंदे भारत एक्सप्रेस केवल 1 घंटा 55 मिनट में हावड़ा से आसनसोल पहुंचेगी। यह ट्रेन सुबह 6:45 पर हावड़ा से प्रस्थान कर 8:40 पर आसनसोल पहुंचेगी। इसी प्रकार हावड़ा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस हावड़ा से दोपहर 3:50 पर रवाना होकर 5:44 पर आसनसोल पहुंचेगी, और यह यात्रा केवल 1 घंटा 54 मिनट में पूरी होगी। हावड़ा-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस भी इन दोनों स्टेशनों के बीच की दूरी केवल 1 घंटा 57 मिनट में तय करेगी।

इसके अतिरिक्त, खनन क्षेत्र के दैनिक यात्रियों के लिए ब्लैक डायमंड और कोलफील्ड एक्सप्रेस की यात्रा समय में भी कमी आई है। कोलफील्ड एक्सप्रेस, जो पहले रात 8:18 पर आसनसोल पहुंचती थी, अब 14 मिनट पहले यानी रात 8:04 पर पहुंचेगी। सुबह यह ट्रेन आसनसोल से हावड़ा के लिए 7:00 बजे प्रस्थान करती थी, अब यह 6:50 बजे रवाना होगी। ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस हावड़ा से पहले 9:41 पर आसनसोल आती थी, अब 9:31 पर पहुंचेगी।

पूर्व रेलवे के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, 42 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है, जबकि 63 ट्रेनों की गति बढ़ाकर यात्रा अवधि में 5 से 55 मिनट तक की कमी लाई गई है। इसके साथ ही, ईएमयू, एमईएमयू और डीएमयू ट्रेनों की गति बढ़ाकर 6 से 20 मिनट की बचत की गई है।
आधुनिक सिग्नल प्रणाली और रेलवे ट्रैक के सुधार के कारण यह संभव हो पाया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव स्वास्थ्य सुविधाओं और आपातकालीन यात्रा के लिए क्रांतिकारी साबित होगा।















Users Today : 2
Users Yesterday : 14