
बर्नपुर : दामोदर नदी पर स्थायी पुल निर्माण की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर जोर पकड़ रही है। इसको लेकर आसनसोल दक्षिण की भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने विधानसभा में इस मुद्दे को उठाने के साथ कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की है। इसी क्रम में केंद्रीय बंदरगाह, शिपिंग एवं जलमार्ग मंत्रालय की एक उच्चस्तरीय टीम ने नेहरू पार्क के पीछे स्थित दामोदर नदी का निरीक्षण किया। टीम ने अस्थायी बांस पुल का भी जायजा लिया, जिसका उपयोग हजारों लोग प्रतिदिन जोखिम उठाकर करते हैं।
निरीक्षण के दौरान विधायक अग्निमित्रा पाल ने अधिकारियों को स्थानीय निवासियों को हो रही कठिनाइयों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में नदी पार करना अत्यंत जोखिमपूर्ण हो जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने स्थायी पुल निर्माण के साथ-साथ जेट्टी निर्माण एवं नौका सेवा शुरू करने की मांग रखी। निरीक्षण के उपरांत मंत्रालय के निदेशक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दामोदर नदी पार करने की सुविधा हेतु फ्लोटिंग जेट्टी के निर्माण की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। यदि यह क्षेत्र जलमार्ग मंत्रालय के अधीन आता है, तो यहां फ्लोटिंग एसडीपी जेट्टी का निर्माण किया जाएगा। विस्तृत तकनीकी परीक्षण के बाद ही आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थायी पुल निर्माण का दायित्व किसी अन्य मंत्रालय के अधीन आता है।

इस अवसर पर विधायक अग्निमित्रा पाल ने कहा कि इस अस्थायी बांस पुल के सहारे हजारों लोग जान जोखिम में डालकर नदी पार करते हैं। राज्य सरकार की निष्क्रियता के कारण यह समस्या वर्षों से बनी हुई है। उन्होंने बताया कि दामोदर नदी पर स्थायी पुल निर्माण हेतु उन्होंने केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से भी भेंट की थी, जिन्होंने यहां जेट्टी सेवा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। इसी आश्वासन के तहत मंत्रालय की टीम ने निरीक्षण किया है।
विधायक ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि 14 वर्षों के शासन में इस मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया गया, बल्कि नदी से अवैध बालू खनन की खुली छूट दी गई, जिससे दामोदर नदी की स्थिति बदतर होती गई। उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार किसी पहल को आगे बढ़ाती है, तो राज्य सरकार उसमें बाधा उत्पन्न करने का प्रयास करती है।

इस बीच, स्थानीय निवासियों ने भी दामोदर नदी पर स्थायी पुल निर्माण की मांग को उचित ठहराया। उनका कहना है कि जेट्टी सेवा से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। इस मुद्दे पर राजनीति तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकारी सदस्य एवं पार्षद अशोक रुद्र ने भाजपा विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि अग्निमित्रा पाल ने अपने चार वर्षों के कार्यकाल में जनता के लिए कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल राजनीतिक लाभ के लिए जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पहले ही इस विषय पर पहल कर चुकी है और भाजपा विधायक केवल खबरों में बने रहने के लिए निरीक्षण जैसी गतिविधियां कर रही हैं।

तृणमूल कांग्रेस नेता ने कहा कि किसी भी परियोजना के लिए संबंधित विभाग में विधिवत प्रस्ताव भेजना आवश्यक होता है। मात्र निरीक्षण कराकर समाधान नहीं निकाला जा सकता। उन्होंने जेट्टी निर्माण को अव्यावहारिक बताते हुए इसे हास्यास्पद करार दिया। वहीं, भाजपा का कहना है कि राज्य सरकार यदि इस समस्या को हल करना चाहती तो अब तक पुल का निर्माण हो चुका होता। फिलहाल, इस मुद्दे को लेकर राजनीति तेज हो गई है, लेकिन स्थानीय जनता स्थायी समाधान की प्रतीक्षा कर रही है।















Users Today : 20
Users Yesterday : 14