
आसनसोल : पश्चिम बंगाल जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े नशा तस्कर को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई चित्तरंजन आरपीएफ क्राइम ब्रांच के निरीक्षक नरेंद्र सिंह द्वारा प्रदान की गई सटीक सूचना के आधार पर की गई, जिसके चलते 19 जनवरी को मालदा रेलवे स्टेशन पर खड़ी कन्याकुमारी-डिब्रूगढ़ विवेक सुपरफास्ट एक्सप्रेस से आरोपी को दबोच लिया गया।
इस उल्लेखनीय कार्य के लिए कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त वी. सोलेमन नेसाकुमार ने आरपीएफ अधिकारी नरेंद्र सिंह की सराहना करते हुए आधिकारिक पत्र जारी किया। यह प्रशंसा पत्र पूर्वी रेलवे के आरपीएफ आईजी को भेजा गया, जिसमें अनुरोध किया गया कि नरेंद्र सिंह को इस सम्मान के बारे में विधिवत सूचित किया जाए। आरपीएफ अधिकारियों ने इसकी जानकारी नरेंद्र सिंह को दी, जिससे विभागीय स्तर पर उनकी भूमिका को विशेष मान्यता मिली।

कोलकाता पुलिस के एसीपी वी. सोलेमन नेसाकुमार ने अपने आधिकारिक पत्र में स्पष्ट किया कि नशा तस्कर की गिरफ्तारी में नरेंद्र सिंह का योगदान अत्यंत प्रभावी रहा। उन्होंने सराहना व्यक्त करते हुए कहा कि सिंह की सूझबूझ और सतर्कता ने मादक पदार्थों के अवैध व्यापारियों में भय उत्पन्न कर दिया है। एसीपी ने उम्मीद जताई कि नरेंद्र सिंह भविष्य में भी नशीले पदार्थों के तस्करी विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

जानकारों का मानना है कि इस सम्मान के माध्यम से आरपीएफ की कार्यक्षमता और प्रतिबद्धता को एक नई पहचान मिली है। नरेंद्र सिंह की सतर्कता ने यह साबित कर दिया कि रेलवे सुरक्षा बल केवल यात्रियों की सुरक्षा तक ही सीमित नहीं, बल्कि अपराधियों की धरपकड़ और नशा तस्करी रोकने में भी प्रभावशाली भूमिका निभा रहा है।















Users Today : 11
Users Yesterday : 14