
बर्नपुर : स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) आईएसपी के वित्त एवं लेखा विभाग में कार्यरत सेक्शन अधिकारी सुब्रत पाल की पुत्री साम्राज्ञी पाल ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। बर्नपुर रिवरसाइड स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्रा साम्राज्ञी को एनसीसी (राष्ट्रीय कैडेट कोर) द्वारा नई दिल्ली में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने के लिए चुना गया है।
साम्राज्ञी पाल ने एनसीसी में अपने पहले ही प्रयास में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। उन्होंने पिछले वर्ष बर्नपुर स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस परेड में अपने विद्यालय की टुकड़ी का नेतृत्व किया था। इसके बाद उन्होंने 10 नंबर बंगाल बटालियन के प्रतिनिधित्व के तहत बोलपुर, शांतिनिकेतन और बर्दवान में आयोजित विभिन्न शिविरों में भाग लिया। बर्दवान जिले में उन्हें “सर्वश्रेष्ठ कैडेट” का खिताब भी प्रदान किया गया।

तीन महीने के कठोर प्रशिक्षण के दौरान साम्राज्ञी ने कल्याणी और कोलकाता में आयोजित एनसीसी शिविरों में अपने कौशल का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें गणतंत्र दिवस समारोह में बंगाल का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया। साम्राज्ञी विगत 27 दिसंबर को नई दिल्ली के लिए रवाना हुईं।
साम्राज्ञी के पिता सुब्रत पाल स्वयं एक प्रेरणा स्रोत हैं। वे एक मास्टर एथलीट और कुशल फुटबॉल खिलाड़ी हैं। हाल ही में कोन्नगर में आयोजित 39वीं पश्चिम बंगाल राज्य मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 100 मीटर बाधा दौड़, लंबी कूद और ट्रिपल जंप में तीन स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

साम्राज्ञी की इस उपलब्धि पर परिवार और स्थानीय समाज गर्वित है। उनका चयन बर्नपुर और बंगाल के लिए गौरव का विषय है। साम्राज्ञी ने न केवल अपने परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि क्षेत्र की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है।















Users Today : 0
Users Yesterday : 14