
कुल्टी : चीनाकुड़ी कोलियरी में रोजगार की मांग को लेकर स्थानीय निवासियों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा। बीते कुछ दिनों से लगातार विरोध प्रदर्शन के पश्चात श्रमिकों ने आज पुनः तीन नंबर कोलियरी गेट के समक्ष धरना दिया। प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट आरोप है कि कोलियरी प्रबंधन अपने पूर्व वायदों से मुकर गया है, जिससे श्रमिकों में असंतोष व्याप्त है।

प्रदर्शनकारियों में शामिल जोगाई महतो ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि 21 एवं 22 जनवरी को स्थानीय श्रमिकों ने रोजगार की मांग को लेकर व्यापक हड़ताल की थी। इस हड़ताल के दौरान 22 जनवरी को प्रबंधन ने वार्ता कर आश्वासन दिया था कि 27 जनवरी को पुनः बैठक कर उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा। इस आश्वासन के आधार पर श्रमिकों ने 23 जनवरी से कार्य पुनः प्रारंभ कर दिया। किन्तु 27 जनवरी को कोई बैठक नहीं हुई, जिससे श्रमिकों में आक्रोश फैल गया।

प्रबंधन के इस रवैये से क्षुब्ध श्रमिकों ने पुनः आंदोलन का रुख अपनाते हुए बीते दिवस से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी। उनका कहना है कि स्थानीय श्रमिकों को उचित रोजगार मिले, इसके लिए वे किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। प्रदर्शनकारियों ने कोलियरी प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

स्थानीय लोगों की मुख्य माँग है कि कोलियरी क्षेत्र में कार्यरत बाहरी श्रमिकों की जगह स्थानीय निवासियों को रोजगार दिया जाए। आंदोलनकारियों का कहना है कि वे अपने हक के लिए किसी भी स्तर तक संघर्ष करने को तत्पर हैं और जब तक उचित समाधान नहीं निकलता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।















Users Today : 12
Users Yesterday : 14