
जामुड़िया : सायबर अपराध के तहत ठगी का शिकार हुए व्यक्ति को उसकी मेहनत की कमाई वापस मिल गई। यह घटना जामुड़िया थाना क्षेत्र की है, जहां सायबर अपराधियों ने सायबर क्राइम विभाग से फोन करने का दावा कर जामुड़िया निवासी मृन्मय घोष से 9,58,445 रुपये की ठगी की थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 अक्टूबर को मृन्मय घोष को मुम्बई सायबर क्राइम विभाग के नाम पर फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि उनके आधार कार्ड का उपयोग किसी सिम कार्ड के लिए गलत तरीके से किया गया है और उससे बैंक खातों के माध्यम से अवैध लेनदेन किया गया है। अपराधियों ने उन्हें डराते हुए उनकी पूरी बैंक राशि स्थानांतरित करने के लिए कहा। इस प्रकार उनसे 9.58 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।

मृन्मय घोष ने इस घटना की तुरंत शिकायत जामुड़िया थाने में दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद जामुड़िया पुलिस ने असनसोल सायबर क्राइम विभाग की विशेष टीम के साथ मिलकर त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस की तत्परता के कारण 7,18,944 रुपये की राशि अपराधियों से बरामद कर ली गई।
शनिवार को जामुड़िया थाने में आयोजित एक प्रेस वार्ता में पुलिस ने मृन्मय घोष को उनकी राशि का चेक सौंपा। इस अवसर पर रानीगंज सर्कल इंस्पेक्टर सुशांत चटर्जी और जामुड़िया थाना प्रभारी सौमेंद्रनाथ सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मृन्मय घोष ने अपनी अधिकांश राशि वापस मिलने पर खुशी व्यक्त की और पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता ने उनकी मेहनत की कमाई को वापस दिलाया।
इस घटना ने न केवल सायबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाई है, बल्कि यह भी सिद्ध किया है कि पुलिस की तत्परता और प्रतिबद्धता से पीड़ितों को न्याय दिलाना संभव है।















Users Today : 5
Users Yesterday : 14