
आसनसोल : पश्चिम बंगाल सरकार की जनकल्याणकारी योजना दुआरे सरकार के नवम चरण की शुरुआत आज से पूरे राज्य में हो गई। पश्चिम बर्दवान जिले में भी इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत शिविरों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पश्चिम बर्दवान के जिला अधिकारी एस. पोन्नाबलम ने बताया कि इस बार जिले में कुल 2,744 शिविर लगाए जाएंगे। इनमें 504 स्थायी और 2,240 मोबाइल शिविर शामिल होंगे। इन शिविरों के माध्यम से आठ ब्लॉक और आसनसोल-दुर्गापुर नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को 37 विभिन्न योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया जाएगा।
उन्हेंने जानकारी दी कि इस चरण की शुरुआत जमुरिया और रानीगंज में शिविरों के साथ की गई। पहले दिन कुल 405 शिविर आयोजित किए गए। यह शिविर 1 फरवरी तक लगाए जाएंगे, जबकि प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई 28 फरवरी तक पूरी की जाएगी। रविवार और अन्य सरकारी अवकाश के दिनों में शिविर आयोजित नहीं होंगे।

इस परियोजना का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को जनता तक सीधे पहुंचाना है। शिविरों में स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त, आईसीडीएस के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को पोषण संबंधी जागरूकता दी जाएगी। लोक प्रसार कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए जनता को योजनाओं और उनके लाभों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

यह परियोजना सरकार के जनहितैषी दृष्टिकोण का प्रत्यक्ष प्रमाण है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ सरलता से प्राप्त हो सके। यह प्रयास सरकार की पारदर्शिता और समर्पण को रेखांकित करता है।















Users Today : 5
Users Yesterday : 14