
अंडाल : पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल अंचल में भूमि माफियाओं का आतंक चरम पर पहुंच चुका है। चाहे वह राज्य सरकार की वेस्टेड भूमि हो या ईसीएल की परिसंपत्ति, भू-माफिया अपने षड्यंत्रकारी गतिविधियों से हर भूखंड पर कब्जा जमाने में सक्रिय हैं। अब हालात इतने भयावह हो चुके हैं कि न केवल जीवित व्यक्तियों की भूमि असुरक्षित है, बल्कि दिवंगतों की संपत्ति भी जालसाजों के निशाने पर आ चुकी है।
इसी क्रम में, काजोड़ा गांव में एक व्यक्ति को मृतक के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि विक्रय करने के आरोप में ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान अंडाल दक्षिणी खंड निवासी दिलीप रुईदास के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने मृतक अक्षय कुमार सार्वभौम के नाम पर धोखाधड़ी कर भूमि सौदेबाजी की।

फर्जी आधार कार्ड और दस्तावेजों से रचाया षड्यंत्र
जानकारी के अनुसार, दिवंगत अक्षय कुमार सार्वभौम के नाम से दक्षिणखंड क्षेत्र में एक बीघा भूमि पंजीकृत थी। जालसाज दिलीप रुईदास ने फर्जी आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज तैयार कर स्वयं को अक्षय कुमार सार्वभौम बताते हुए उक्त भूमि को अवैध रूप से बेच दिया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी बाजार में पहुंचा और स्थानीय निवासियों को उसके षड्यंत्र की भनक लगी। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसे इस कार्य के लिए महज 5,000 रुपये मिले थे। उसने यह भी खुलासा किया कि एक अधिवक्ता के निर्देशानुसार उसने दस्तावेजों में हेरफेर किया था।

परिवार ने लगाया बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का आरोप
मृतक अक्षय कुमार सार्वभौम के भतीजे अचिंत्य कुमार सार्वभौम ने बताया कि 2016 में उनके चाचा का देहांत हो गया था, किंतु उनके नाम पर फर्जी दस्तावेज बनाकर भूमि का विक्रय किया गया। इतना ही नहीं, उनके पिता और माता की संपत्ति को भी धोखाधड़ी कर हड़प लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ प्रारंभ कर दी है। इस मामले में और कौन-कौन संलिप्त हैं, इसकी जांच की जा रही है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से भूमि माफियाओं पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।















Users Today : 19
Users Yesterday : 23