
आसनसोल : अनमोल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा रवींद्र भवन में हज 2025 के यात्रियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में पश्चिम बर्दवान और पुरुलिया जिलों के 142 हज यात्री शामिल हुए, जिन्हें यात्रा की संपूर्ण प्रक्रिया, धार्मिक अनुष्ठान, सुरक्षा प्रबंधन और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों से अवगत कराया गया।
इस कार्यक्रम में आसनसोल नगर निगम के डिप्टी मेयर वसीम उल हक विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए यात्रियों को सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार हज यात्रियों को दो चरणों में प्रशिक्षण प्रदान कर रही है, और यह शिविर उसी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

शिविर में विशेषज्ञों ने हज यात्रा के दौरान आवश्यक दस्तावेजों, वीजा प्रक्रिया, उड़ान प्रबंधन, सऊदी अरब में निवास के नियमों और धार्मिक अनुष्ठानों के सही तरीके को लेकर विस्तृत जानकारी दी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भीषण गर्मी, थकान और खानपान संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि यात्री यात्रा के दौरान स्वस्थ और सुरक्षित रहें।

हज यात्रियों ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताया। उन्होंने सरकार और आयोजन समिति से अनुरोध किया कि यात्रा के दौरान उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
आसनसोल अनमोल वेलफेयर सोसाइटी की इस पहल की सराहना करते हुए वसीम उल हक ने आश्वासन दिया कि हज यात्रियों को हर संभव सहायता दी जाएगी, जिससे वे अपनी धार्मिक यात्रा को सुगम और निर्विघ्न रूप से संपन्न कर सकें।















Users Today : 19
Users Yesterday : 23