
दुर्गापुर : कोलकाता से पुरुलिया जा रही एक ट्रक में अचानक आग लगने से राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पानागढ़ बाईपास के अस्पताल मोड़ के समीप अफरा-तफरी मच गई। मंगलवार को हुई इस घटना में ट्रक चालक और खलासी ने सतर्कता दिखाते हुए अपनी जान बचा ली। ट्रक में खाना पकाने वाले गैस के स्क्रैप सिलेंडर लदे हुए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पानागढ़ बाईपास पर चढ़ते समय ट्रक के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। चालक ने सतर्कता दिखाते हुए ट्रक को तुरंत सड़क किनारे रोक दिया और आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन इंजन से भड़कती तेज लपटों को देख स्थानीय लोगों ने कांकसा थाने की पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया।

कुछ ही देर में घटनास्थल पर दमकल की एक गाड़ी और कांकसा थाने की पुलिस पहुंची। दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण ट्रक का इंजन और सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दमकल अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी प्रतीत होती है। हालांकि, समय पर आग पर काबू पा लेने के कारण बड़ा हादसा टल गया। ट्रक में लदे सिलेंडर तक आग नहीं पहुंचने से संभावित विस्फोट की स्थिति भी टल गई।

घटना ने हाईवे पर यातायात को कुछ समय के लिए प्रभावित किया, जिसे पुलिस ने संभाल लिया। इस घटना से एक बार फिर सड़क पर चलते वाहनों में सुरक्षा और समय-समय पर जांच की आवश्यकता उजागर हुई है।















Users Today : 5
Users Yesterday : 14