
आसनसोल : कोयला तस्करी मामले में विशेष सीबीआई अदालत में आज मंगलवार से सुनवाई का चरण शुरू होगा। अदालत के सूत्रों के अनुसार, यह कार्यवाही सुबह 11 बजे विशेष न्यायाधीश राजेश चक्रवर्ती की अदालत में प्रारंभ होगी। पहले दिन की सुनवाई में ईसीएल के दो वरिष्ठ अधिकारियों, जो इस मामले में स्वीकृति प्राधिकारी (सैंक्सनिंग अथॉरिटी) हैं, को साक्ष्य देने के लिए बुलाया गया है। इन अधिकारियों को अदालत द्वारा पहले ही समन जारी कर उपस्थिति के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि विभिन्न कानूनी अड़चनों और स्थगनों के बाद, 10 दिसंबर 2024 को इस मामले में चार्जशीट दायर होने के उपरांत चार्ज गठन की प्रक्रिया पूरी हुई थी। इससे पूर्व, 25 नवंबर 2024 को न्यायाधीश ने सभी अभियुक्तों को चार्ज गठन के दिन अदालत में उपस्थिति का आदेश दिया था। इस दौरान जेल में बंद आरोपी विकास मिश्रा को वर्चुअल माध्यम से पेश किया गया था। साथ ही अन्य दो अभियुक्तों ने भी वर्चुअल माध्यम से सुनवाई में भाग लिया।

चार्ज गठन के बाद अदालत ने ट्रायल की अगली तारीख 21 जनवरी 2025 तय की थी। इसी क्रम में आज सुनवाई के दौरान सीबीआई द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों पर विचार किया जाएगा। सीबीआई ने इस मामले में कुल तीन चार्जशीट दाखिल की हैं, जिनमें 50 लोगों के नाम शामिल हैं। इनमें मुख्य आरोपी विनय मिश्रा को अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है, और उन्हें फरार घोषित किया गया है। इस दौरान एक अन्य आरोपी की मृत्यु हो चुकी है, जिसके चलते कुल 48 आरोपियों के खिलाफ चार्ज गठित किए गए हैं।

इन 48 आरोपियों में तीन व्यक्तिगत रूप से आरोपित हैं—विकास मिश्रा, अनुप मांझी उर्फ लाला और रत्नेश्वर वर्मा उर्फ रत्नेश। इसके अलावा, 23 अन्य व्यक्तियों, 10 सरकारी कर्मचारियों और 12 कंपनियों के खिलाफ भी आरोप तय किए गए हैं। सीबीआई ने चार्जशीट में आरोपियों के खिलाफ विस्तृत धाराओं का उल्लेख किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आज की सुनवाई को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अदालत ने कहा है कि दोषियों को सजा दिलाने के लिए सभी कानूनी प्रक्रियाओं का कठोरता से पालन किया जाएगा। न्यायिक प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सीबीआई ने सभी गवाहों और साक्ष्यों को व्यवस्थित तरीके से प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया है।















Users Today : 5
Users Yesterday : 14