
आसनसोल : आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की विधायक अग्निमित्रा पॉल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर महाकुंभ मेले के अवसर पर आसनसोल से प्रयागराज के बीच विशेष ट्रेन सेवा शुरू करने का अनुरोध किया है। महाकुंभ मेला भारतीय संस्कृति का सबसे बड़ा आध्यात्मिक आयोजन है, जो प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर आयोजित होता है। यह संगम गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती नदियों के पवित्र मिलन का स्थल है, जहां लाखों श्रद्धालु पवित्र स्नान के माध्यम से आत्मा की शुद्धि और मोक्ष प्राप्ति की कामना पूरी करते हैं।

विधायक अग्निमित्रा पॉल ने अपने पत्र में कहा कि पश्चिम बंगाल, विशेष रूप से आसनसोल क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए महाकुंभ मेले में शामिल होना एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक अनुभव है। लेकिन इस क्षेत्र से प्रयागराज तक सीधी ट्रेन सेवा की अनुपलब्धता के कारण श्रद्धालुओं को यात्रा में असुविधा होती है। उन्होंने रेल मंत्री से महाकुंभ मेले के दौरान आसनसोल से प्रयागराज तक एक विशेष ट्रेन सेवा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
अपने पत्र में उन्होंने महाकुंभ मेले की महत्ता को रेखांकित करते हुए इसे भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की चिरस्थायी परंपराओं का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन सेवा न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान करेगी, बल्कि सनातन धर्म के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगी।

उन्होंने इस पहल को धर्म और परंपरा की सेवा बताते हुए इसे सनातनी एकता और भारतीय सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने का एक महत्वपूर्ण कदम बताया। अगर यह मांग पूरी होती है, तो इससे आसनसोल और आसपास के क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालुओं को महाकुंभ मेले में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
इस मांग के पूरा होने से श्रद्धालुओं के लिए यात्रा सुगम होगी और सरकार की धार्मिक और सांस्कृतिक विकास के प्रति सकारात्मक सोच स्पष्ट होगी।















Users Today : 5
Users Yesterday : 14