
आसनसोल : नववर्ष के समय ही एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना देंदुआ-कल्याणेश्वरी मार्ग पर माईथन एलॉय फैक्ट्री के पास हुई। झारखंड मिहिजाम के कृष्णानगर निवासी विवेक कुमार साह अपने मित्र सुधीर यादव और अन्य दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल (JH 21Q 8548) पर सवार होकर माईथन बांध घूमने आया था। शाम को घर लौटते समय देंदुआ की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर (WB 39A 6611) ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

डंपर ने न केवल विवेक की मोटरसाइकिल को बल्कि एक अन्य मोटरसाइकिल और एक ऑटो को भी चपेट में ले लिया। इस हादसे में विवेक और उसके मित्र सुधीर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मिहिजाम के निवासी उत्तम कर्मकार, मुकेश कर्मकार और पल्लवी कर्मकार को भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान विवेक की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चौरंगी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डंपर और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। हालांकि, डंपर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि डंपर चालक नशे में था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। नववर्ष के जश्न के बीच यह घटना लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सतर्कता बरतने की गंभीर चेतावनी देती है।















Users Today : 1
Users Yesterday : 26