
आसनसोल : पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एलआईसी कार्यालय के समीप लापता हुआ साढ़े चार वर्षीय बालक अनन्य घोष कुछ ही घंटों में सकुशल अपने माता-पिता को सौंप दिया गया। घटना सुबह 11 बजे के आसपास की है। एलआईसी कार्यालय के पीछे स्थित नेपाली पाड़ा निवासी दंपति के घर से बालक अचानक लापता हो गया। बच्चे के पिता निशीथ घोष ने बताया कि उनकी पत्नी अरुंधती घोष, जो डीआरएम कार्यालय में कार्यरत हैं, सुबह कार्यालय के लिए रवाना हो गई थीं। उस समय निशीथ अपने दोनों बच्चों के साथ घर पर थे। किसी काम से जब वह घर के अंदर गए और वापस लौटे तो देखा कि उनकी बेटी वहीं थी, लेकिन उनका बेटा गायब हो गया था।
घबराए निशीथ ने तुरंत अपने पड़ोसियों को सूचना दी और आसनसोल साउथ पुलिस पोस्ट में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्परता दिखाई। साउथ ट्रैफिक गार्ड के प्रभारी ने जल्द ही अनन्य के लापता होने की सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू की। थोड़ी ही देर में बालक को खोज निकाला गया।

पुलिस ने बच्चे की मां अरुंधती घोष को फोन कर सूचना दी कि उनका बेटा सुरक्षित है और साउथ पुलिस पोस्ट में है। सूचना मिलते ही मां तुरंत पुलिस पोस्ट पहुंचीं और जरूरी कागजात जमा कर अपने बेटे को सुरक्षित पाया।

अरुंधती घोष ने आसनसोल साउथ ट्रैफिक पुलिस के प्रति आभार प्रकट किया और उनकी त्वरित कार्रवाई की सराहना की। इस घटना से पुलिस की सतर्कता और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत हुआ है।















Users Today : 3
Users Yesterday : 14