
दुर्गापुर : दुर्गापुर बाजार क्षेत्र में बुधवार रात पुलिस और डकैतों के बीच हुई भिड़ंत ने इलाके में सनसनी फैला दी। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए पांच डकैतों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से दो पिस्तौल और दस जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह बुधवार रात ट्रेन से दुर्गापुर स्टेशन पहुंचा था और इलाके में डकैती की योजना बना रहा था। गुप्त सूचना पर दुर्गापुर थाना पुलिस ने कार्रवाई की। जब पुलिस ने उन्हें घेरने की कोशिश की, तो डकैतों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस से भिड़ गए। मुठभेड़ के दौरान डकैतों ने हिंसक प्रतिरोध किया, लेकिन पुलिस ने सतर्कता से उन्हें काबू में कर लिया।

गिरफ्तार डकैतों की पहचान बिहार के झांझार निवासी रणजीत रविदास, संतोष दास, विकी शा, विजय शा और पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम निवासी दीपक दास के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में यह सामने आया है कि यह गिरोह दुर्गापुर में डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

इस ऑपरेशन की जानकारी देते हुए आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिप्टी कमिश्नर अभिषेक गुप्ता ने बताया कि पुलिस हमेशा सतर्क रहती है और अपराधियों के खिलाफ सक्रिय रहती है। उन्होंने कहा कि डकैतों को पकड़ने के दौरान पुलिस ने साहस और कुशलता का परिचय दिया।
गिरफ्तार डकैतों को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन डकैतों का नेटवर्क कितना विस्तृत है और उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन डकैतों ने पहले किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में राहत है कि पुलिस ने समय रहते डकैतों की योजना को नाकाम कर दिया। पुलिस की इस सक्रियता की क्षेत्र में सराहना हो रही है।















Users Today : 3
Users Yesterday : 14