
पांडवेश्वर : प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर साइबर ठगों ने एक महिला लाभार्थी के बैंक खाते से 14,000 रुपये उड़ा लिए। ठगों ने आवास योजना के सत्यापन का बहाना बनाकर ओटीपी हासिल किया और रकम निकाल ली। इस घटना के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बंगाल में कार्य लंबे समय से ठप है। केंद्र सरकार द्वारा इस योजना के लिए बकाया राशि जारी नहीं करने के कारण राज्य और केंद्र सरकार के बीच तनातनी बनी हुई है। ऐसे में पश्चिम बंगाल सरकार ने “बंगला आवास योजना” नामक अलग परियोजना शुरू की है। इस योजना के तहत लाभार्थियों को पहली किश्त की राशि मिलनी शुरू हो चुकी है। योजना की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों, जिलाधिकारी, एसडीओ और बीडीओ को इसकी निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है।

इसी बीच साइबर अपराधियों ने लाभार्थियों को ठगने का हथकंडा अपनाया। ताजा मामला पांडवेश्वर ब्लॉक के नवग्राम पंचायत स्थित जोआलभांगा गाँव का है, जहाँ राबिता भंडारी नामक महिला साइबर ठगी का शिकार हुईं। राबिता आवास योजना की लाभार्थी हैं। 10 जनवरी को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉलर ने खुद को योजना का अधिकारी बताते हुए सत्यापन प्रक्रिया का हवाला दिया और कहा कि सत्यापन कन्फर्म करने के लिए ओटीपी साझा करना होगा।
संदेह न करते हुए राबिता ने ओटीपी साझा कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से 14,000 रुपये निकाले जाने का संदेश आया। ठगी का अहसास होते ही उन्होंने तुरंत पांडवेश्वर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
चौंकाने वाली बात यह है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी, सितंबर माह में राबिता इसी प्रकार की साइबर ठगी की शिकार हो चुकी हैं। तब उन्होंने पुलिस में शिकायत कर अपनी रकम वापस पा ली थी।

थाने के एक अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में लोगों को ओटीपी साझा न करने के लिए नियमित रूप से जागरूक किया जाता है। बावजूद इसके, कई लोग सतर्कता नहीं बरतते और ठगी का शिकार हो जाते हैं। अधिकारी ने इसे और अधिक जागरूकता अभियान की आवश्यकता बताई।
इसी कड़ी में पंचायत समिति के कर्माध्यक्ष और तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष किरिटी मुखोपाध्याय ने कहा कि लाभार्थियों को निर्देश दिया गया है कि सरकारी अधिकारियों के अलावा किसी अन्य को कोई जानकारी न दें। उन्होंने कहा कि इस विषय पर पंचायत की ओर से जागरूकता अभियान तेज किया जाएगा।















Users Today : 3
Users Yesterday : 14