
आसनसोल : पूर्व रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और उनके सामान की रक्षा सुनिश्चित करने हेतु चलाए जा रहे अभियानों “ऑपरेशन अमानत” और “ऑपरेशन डिग्निटी” के अंतर्गत महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त की हैं।
“ऑपरेशन अमानत” के तहत छूटे सामान की बरामदगी
दिनांक 17 जनवरी, 2025 को हावड़ा, सियालदह, आसनसोल और मालदा मंडलों के आरपीएफ अधिकारियों ने यात्रियों द्वारा ट्रेनों व रेलवे परिसरों में छोड़े गए विविध सामान को सफलतापूर्वक बरामद किया। बरामद वस्तुओं में मोबाइल फोन, तानपुरा, जैकेट, 16 बैग जिनमें लैपटॉप, एडॉप्टर, ईयरबड्स, सनग्लासेस, कार की चाबी, हार्ड डिस्क, कपड़े, मोबाइल चार्जर, हेडफोन, व्यक्तिगत सामान, महत्वपूर्ण दस्तावेज/कार्ड और ₹1,905 की नकदी शामिल है।

बरामद वस्तुओं का कुल मूल्य लगभग ₹2,56,795 आँका गया है। ये सामान हावड़ा, बंडेल, दानकुनी, बजबज, सियालदह, कोलकाता, जामताड़ा, आसनसोल, दुर्गापुर, मधुपुर और भागलपुर रेलवे स्टेशनों से बरामद किए गए। सत्यापन और प्रलेखन की औपचारिकता पूरी करने के पश्चात सभी सामान उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिए गए, जो यात्रियों के प्रति आरपीएफ की प्रतिबद्धता और विश्वास का परिचायक है।

“ऑपरेशन डिग्निटी” के तहत वृद्धा का बचाव
दिनांक 16 जनवरी, 2025 को सियालदह मंडल के आरपीएफ अधिकारियों ने काकद्वीप रेलवे स्टेशन पर एक वृद्ध महिला को बचाया, जो गंगासागर यात्रा के दौरान अपने समूह से बिछड़कर स्टेशन पर असहाय स्थिति में थी। आरपीएफ टीम ने उनकी सुरक्षा और आराम सुनिश्चित किया। दिनांक 17 जनवरी, 2025 को उचित सत्यापन और दस्तावेजीकरण के बाद महिला को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
पूर्व रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की रक्षा हेतु प्रतिबद्ध है। “ऑपरेशन अमानत” और “ऑपरेशन डिग्निटी” जैसे अभियान आरपीएफ की सक्रियता और यात्री-अनुकूल वातावरण निर्माण के प्रयासों का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं।















Users Today : 5
Users Yesterday : 14