
आसनसोल : चित्तरंजन के गोल्फ ग्राउंड क्षेत्र से रेलवे संपत्ति की चोरी के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान राहुल कुमार, तारकेश्वर महली, अरूप महतो और राहुल बाउरी के रूप में हुई है। सभी का निवास झारखंड के सालानपुर ब्लॉक एवं मिहिजाम के अल्लादी ग्राम पंचायत क्षेत्र के कालीपाथर में बताया जा रहा है। आरपीएफ ने इन सभी को रेलवे संपत्ति (अनधिकृत कब्जा) अधिनियम (RPUP Act) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

गौरतलब है कि 3 जनवरी को गोल्फ ग्राउंड इलाके से रेलवे की बहुमूल्य संपत्ति चोरी कर ली गई थी। घटना के पश्चात चित्तरंजन आरपीएफ टाउन पोस्ट प्रभारी पंकज कुमार एवं क्राइम ब्रांच प्रभारी नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। इस दल ने सूचनाओं और खुफिया तंत्र का उपयोग कर इस चोरी में संलिप्त चार अभियुक्तों को धर-दबोचा।
आरपीएफ ने चित्तरंजन सनसेट एवेन्यू क्षेत्र से चोरी गई रेलवे की कई संपत्तियों को बरामद भी किया है। हालांकि, चोरी हुई शेष संपत्तियों की खोजबीन अभी जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ अन्य संदिग्धों पर भी पैनी नजर रख रही है, जिससे रेलवे संपत्ति की चोरी करने वाले संगठित गिरोह को जड़ से उखाड़ा जा सके।

आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस कार्रवाई को रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले, तो वे तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को सूचित करें।















Users Today : 12
Users Yesterday : 14