
कुल्टी : पश्चिम बंगाल के आसनसोल कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के नियामतपुर अंतर्गत लच्छीपुर रेड लाइट क्षेत्र से देर रात लगभग ढाई बजे झारखंड के जमशेदपुर और धनबाद के सात युवकों को नियामतपुर पुलिस ने धर दबोचा। ये युवक महंगे वाहन से क्षेत्र में ऐशो-आराम की मंशा से आए थे। पुलिस ने इन्हें गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रंगे हाथ पकड़ा, जब ये नशे की हालत में खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन कर रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए युवक प्रभावशाली व्यवसायी परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। उनकी पहचान राहुल, विक्की, हेमंत, आकाश, अर्पित, और दो अन्य राहुल नामक व्यक्तियों के रूप में हुई है। ये युवक काले रंग की महंगी एमजी हेक्टर कार से लच्छीपुर पहुंचे थे और उनके पास से दो अवैध हथियार बरामद किए गए।

पुलिस कार्रवाई के पश्चात, शुक्रवार को पूरे दिन नियामतपुर पुलिस फाड़ी पर इन युवकों को छुड़ाने के लिए रसूखदारों की भीड़ लगी रही। नेताओं से लेकर व्यवसायियों तक, हर कोई अपने प्रभाव और पैसे के बल पर पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास करता रहा। यहां तक कि पुलिस को मोटी रकम देने की पेशकश भी की गई। हालांकि, पुलिस ने किसी भी प्रकार का समझौता करने से इनकार करते हुए मामले को गंभीरता से लिया।
पुलिस सूत्रों ने स्पष्ट किया कि युवकों को अवैध हथियारों के साथ रंगे हाथ पकड़ा गया है, इसलिए उनकी रिहाई किसी भी परिस्थिति में संभव नहीं। इस दौरान कुछ दलालों ने भी अधिकारियों को मनाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने अपने कर्तव्य और कानून के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए सभी प्रयासों को विफल कर दिया।

यह घटना क्षेत्र में बड़ी चर्चा का विषय बन गई है। सूत्रों के अनुसार, युवकों ने नशे की हालत में हथियारों का प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र की शांति और सुरक्षा को खतरे में डालने का प्रयास किया। नियामतपुर पुलिस की तत्परता से इनकी मंशा विफल हो गई।
पुलिस ने युवकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा है कि इस मामले में कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि कानून के समक्ष धन और प्रभाव भी बौने पड़ जाते हैं।















Users Today : 5
Users Yesterday : 14