
पूर्व बर्दवान : सोशल मीडिया पर रील्स बनाने के जुनून ने एक होनहार छात्र की जान ले ली। केतुग्राम स्थित आशुतोष मेमोरियल स्कूल के कक्षा दसवीं के 16 वर्षीय छात्र दिशान चौधरी की मौत उस समय हो गई, जब वह अपने दोस्तों के साथ कांदरा रेलवे स्टेशन पर रील बनाने के लिए ट्रेन के ऊपर चढ़ा।
घटना सुबह की है। दिशान अपने तीन दोस्तों के साथ घर से निकला और कांदरा स्टेशन पहुंचा। वहां एक खाली खड़ी ट्रेन को देखकर वह उसके ऊपर चढ़ गया और रील बनाने लगा। इस दौरान उसका हाथ ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों से छू गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

दिशान के मामा हासिद मुरुल आबिदिन ने बताया कि वह अक्सर दोस्तों के साथ स्टेशन जाया करता था। परिवार का कहना है कि दिशान पढ़ाई में होशियार था, लेकिन हाल के दिनों में वह स्मार्टफोन का आदी हो गया था और लगातार सोशल मीडिया पर रील्स बनाने में लगा रहता था। यह लत अब परिवार के लिए जीवनभर का दुख बन गई।

घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। माता-पिता ने स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर चिंता व्यक्त की और अन्य अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी।
दिशान की असमय मौत ने न केवल परिवार को, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर दिया है। यह घटना आज के युवाओं में सोशल मीडिया की बढ़ती लत और इसके गंभीर परिणामों पर सोचने को मजबूर करती है। आवश्यक है कि समाज और परिवार इस दिशा में समय रहते कदम उठाएं।















Users Today : 11
Users Yesterday : 14