
रानीगंज : रानीगंज थाना क्षेत्र के शिव कॉलोनी स्थित एक आवास में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना ज्ञान भारती स्कूल के समीप स्थित संदीप कुमार साहू के घर की है, जहां पूजा घर में जलाए गए दीपक की लौ से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले पूजा घर में देखी गई, जहां से उठती लपटों और धुएं ने पूरे घर में दहशत का माहौल बना दिया। कुछ ही क्षणों में आग ने समीप के कमरे को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य तुरंत बाहर निकल आए और स्थानीय पुलिस व दमकल विभाग को सूचित किया।

दमकल विभाग की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस दौरान घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन दमकल कर्मियों की तत्परता से स्थिति नियंत्रण में आ गई।

घर के मालिक संदीप कुमार साहू ने बताया कि सभी परिवारजन सुरक्षित हैं। आग से घर का पूजा घर और पास के कमरे का कुछ सामान जल गया है। उन्होंने बताया कि पूजा घर में जलाए गए दीपक की लौ से यह हादसा हुआ।
इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया, लेकिन दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल सका।















Users Today : 4
Users Yesterday : 14