

आसनसोल : शनिवार सुबह रेलवे प्रशासन ने सीतारामपुर के प्रसिद्ध बोका बाबा मंदिर के स्थानांतरण के लिए मुख्य प्रवेश द्वार पर नोटिस चिपकाया। यह कदम सीतारामपुर बाईपास रेलवे लाइन निर्माण के तहत उठाया गया है, जो बोराचक स्टेशन से सीतारामपुर जंक्शन के वेस्ट केबिन तक विस्तार करने की योजना का हिस्सा है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, सीतारामपुर बाईपास लाइन के निर्माण से क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। इसके साथ ही, सीतारामपुर जंक्शन पर अत्याधुनिक प्लेटफॉर्म और लिफ्ट सुविधाओं का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। यह परियोजना सीतारामपुर की अर्थव्यवस्था और युवाओं के रोजगार में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

रेलवे प्रशासन ने बोका बाबा मंदिर के स्थानांतरण के लिए पहले भी स्थानीय मंदिर कमेटी के साथ बैठक की थी। हालांकि, उचित जवाब न मिलने पर शनिवार को मंदिर परिसर में नोटिस चिपकाया गया। नोटिस लगाने के दौरान सीतारामपुर आईओडब्ल्यू विभाग, आरपीएफ, और सीवाईएम के अधिकारी मौजूद थे।

रेलवे प्रशासन ने सीतारामपुर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए भी सख्त कदम उठाए हैं। सोमवार को कुल्टी से बराकर तक रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चलाने की योजना बनाई गई है। इस संबंध में रविवार से नोटिस जारी किए जाएंगे।
सीतारामपुर बाईपास लाइन न केवल क्षेत्र के परिवहन तंत्र को सुदृढ़ करेगी, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास का मार्ग भी प्रशस्त करेगी। रेलवे प्रशासन की यह पहल सीतारामपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।















Users Today : 0
Users Yesterday : 14